धीना के बरहनी विकासखंड के अंतर्गत भैंसा वाया कमालपुर मुख्य मार्ग से सेवखरी गांव होते हुए धीना स्टेशन को जाने वाली सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। यह सड़क लगभग 25 वर्ष पूर्व पूर्व सांसद रामकिशुन यादव द्वारा पत्थर के बॉर्डर से निर्मित कराई गई थी, लेकिन समय के साथ सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों व राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीण जयप्रकाश उपाध्याय, पवन कुमार, सतीश गौड़, संजय, अमरनाथ यादव सहित अन्य लोगों ने जिला पंचायत सदस्य बरहनी दीपु सिंह से अपनी पीड़ा अवगत कराई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य दीपु सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य दीपु सिंह ने कहा कि “राहगीरों की पीड़ा मेरी पीड़ा है। मैं शीघ्र ही सैयदराजा विधायक सुशील सिंह से मिलकर इस सड़क के नवीनीकरण व निर्माण का कार्य कराऊंगा।” उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही इस दिशा में ठोस पहल की जाएगी।