लॉट नंबर-02 स्थित जायसवाल स्कूल रोड पर सोमवार देर रात एक होटल/रेस्टोरेंट में घुसकर अज्ञात युवकों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की। घटना में पांच कर्मचारी घायल हो गए, जबकि प्रतिष्ठान की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा। पीड़ित पक्ष ने मंगलवार को मुगलसराय कोतवाली में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट परिसर में संचालित IRCTC के बेस किचन में कर्मचारी ट्रेनों के लिए नाश्ता तैयार कर रहे थे। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और किचन मैनेजर के बारे में पूछताछ करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले पलटे से कर्मचारियों पर हमला किया। घटना में विकास कुमार, नूर आलम, सन्नी, बंधन और पुनीत घायल हो गए। घायल विकास कुमार ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने दावा किया कि संबंधित कंपनी पर उनके आठ लाख रुपये बकाया हैं। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि जब तक भुगतान नहीं होगा, यहां काम नहीं होने दिया जाएगा। कर्मचारियों के अनुसार, हमलावरों ने उन्हें धमकाते हुए काम छोड़ने का दबाव भी बनाया। घटना के कारण IRCTC की दुरंतो ट्रेन के लिए तैयार किया जा रहा नाश्ता भी प्रभावित हुआ। कर्मचारियों ने बताया कि हंगामे और मारपीट के चलते निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं हो सका। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी विजय राज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित विकास कुमार ने लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।