सकलडीहा क्षेत्र में सीवर पाइप लाइन डालने के लिए की गई सड़क खुदाई ने हजारों लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले एक सप्ताह से ग्राम पंचायत के भीतरी बाजार क्षेत्र में सड़क खोद दिए जाने के कारण लोगों को पेयजल संकट के साथ-साथ आवागमन की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पूरे मामले में ग्राम प्रधान पर लापरवाही और मनरेगा नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया है। ग्राम पंचायत के भीतरी बाजार क्षेत्र में सड़क के बीचों-बीच सीवर पाइप बिछाने के लिए खुदाई का कार्य चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह कार्य मनरेगा मजदूरों से कराने के बजाय आधी रात में जेसीबी मशीन लगाकर कराया गया। खुदाई के दौरान जल निगम की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे क्षेत्र के घरों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।