चंदौली जिले में बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के सोमवार को अमड़ा विद्युत उपकेंद्र पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन के मद्देनजर सुबह उपकेंद्र और अमड़ा तिराहा पुलिस छावनी में तब्दील रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। उपकेंद्र पर होने वाले धरना को लेकर सुबह से ही अमड़ा विद्युत उपकेंद्र परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की गतिविधियां लगातार होती रहीं। सुरक्षा व्यवस्था की कमान सीओ सदर नामेंद्र कुमार ने संभाल रखी थी। उनके नेतृत्व में सदर सर्किल के सभी थानों की पुलिस के साथ सकलडीहा थाना की पुलिस के साथ जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर मुस्तैद रहा। पुलिसकर्मी उपकेंद्र परिसर, मुख्य मार्ग और अमड़ा तिराहे पर लगातार निगरानी करते रहे। अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश भी देते रहे। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शांति व्यवस्था भी बनी रहे। इस संबंध में सीओ सदर नामेंद्र कुमार ने बताया कि पूर्व विधायक के प्रस्तावित धरना- प्रदर्शन को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में रही।