अलीनगर थाना क्षेत्र के नियामताबाद गांव के समीप भूसा लदी एक पिकअप वाहन की कमानी टूट जाने के कारण सोमवार की सुबह 10 बजे पीडीडीयू नगर चकिया मार्ग पर भारी जाम लग गया। चार घंटे तक जाम लगा रहा। पिकअप की कमानी बदलकर करीब दो बजे गाड़ी हटाने के बाद जाम समाप्त हुआ। भूसा लादकर पिकअप वाहन कहीं जा रहा था। नियामताबाद गांव के समीप सोमवार की सुबह करीब सात बजे पिकअप की कमानी अचानक से टूट गई। इससे पीडीडीयू नगर-चकिया मार्ग जाम हो गया। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। 15 से ज्यादा स्कूली बसें भी इस जाम में फंस गई। घंटो बीत जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जिससे राहगीरों की परेशानी और बढ़ गई। कई वाहन चालक जाम के कारण समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। जबकि राहगीरों को पैदल चलने में भी दिक्कतें हो रही थीं। स्थानीय लोग जाम के समाधान के लिए पुलिस और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे थे। हालांकि, घटनास्थल पर पहुंचे कुछ लोगों ने वाहन को हटाने की कोशिश की, लेकिन तब तक जाम की स्थिति बनी रही। चार घंटे बाद कमानी बदले जाने के बाद गाड़ी वहां से हटी और तब जाकर मार्ग पर जाम समाप्त हो पाया।