चंदौली जिले के धानापुर विकासखंड के बरहन ग्राम पंचायत के शीतलपुर गांव में बना आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। भवन में खिड़की और दरवाजे तक नहीं लगे हैं, जिसके कारण यहां बच्चों की पढ़ाई सुचारु रूप से नहीं हो पा रही है। ग्रामीण कमेश यादव लालजी, सियाराम के अनुसार गांव में पहले तीन आंगनबाड़ी केंद्र संचालित होते थे। इनमें से एक आंगनबाड़ी केंद्र प्राथमिक विद्यालय परिसर में बने भवन में संचालित है, जबकि दूसरा प्राथमिक विद्यालय के एक कमरे में चल रहा है। वहीं शीतलपुरा गांव में बना तीसरा आंगनबाड़ी केंद्र भवन जर्जर होने के कारण बंद हो गया है। ग्रामीण शिला देवी ने बताया कि शीतलपुरा आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता ने करीब दो माह पहले पद से इस्तीफा दे दिया। इसके चलते इस केंद्र से जुड़े बच्चों को मिलने वाला पोषाहार भी नियमित रूप से नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि एक केंद्र पर लगभग 45 और दूसरे केंद्र पर 34 बच्चों का पंजीकरण है, जबकि तीसरे आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े बच्चों की पढ़ाई और पोषाहार की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।