चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के बाघी गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को बड़ी लापरवाही सामने आई। विद्यालय का शौचालय बंद होने के कारण शौच के लिए बाहर गए कक्षा छह के छात्र अमरेश (12) की खेत में करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से हालत गंभीर हो गई। समय रहते ग्रामीणों की मदद और उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर लंच के दौरान अमरेश शौच के लिए विद्यालय के शौचालय गया, लेकिन उसका दरवाजा बंद मिला। इसके बाद वह पास के खेत की ओर चला गया। आरोप है कि खेत में फसल की सुरक्षा के लिए झटका मशीन से करंट प्रवाहित तार लगाया गया था। तार के संपर्क में आते ही छात्र उसमें चिपक गया और करंट लगने से बेहोश होकर गिर पड़ा। साथी छात्रों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह छात्र को करंट प्रवाहित तार से अलग किया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे निषाद पार्टी के युवा जिला अध्यक्ष हंसलाल निषाद ने मानवता का परिचय देते हुए छात्र को तत्काल अपनी मोटरसाइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया।