नगर के वार्ड नंबर एक चतुर्भुजपुर में सड़क मरम्मत में अनियमितता का आरोप लगाकर मुहल्ले के लोगों ने शुक्रवार की शाम काम रोकवा दिया। आरोप लगाया कि सड़क मरम्मत के नाम पर गिट्टी डालकर लेवलिंग की जा रही है। घटिया सामग्री का उपयोग किए जाने के कारण बारिश में ही सड़क फिर से खराब हो जाएगी। हो हल्ला होने पर नगर पालिका के जेई अमरदीप मौके पर पहुंचे और आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। नगर पालिका के चतुर्भुजपुर से लोहरा जाने वाला मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। डेढ़ दशक से इसकी मरम्मत नहीं हुई है। लोगों की मांग के बाद की नगर पालिका की ओर से इसकी मरम्मत कराई जा रही है। इसके मरम्मत का कार्य शुक्रवार को शुरू हुआ तो लोगों ने राहत की सांस ली।