मौसम के बदलते मिजाज ने अन्नदाता की कमर तोड़ दी है। इस वर्ष मार्च के महीने में ही सूर्य की तीखी तपिश और बढ़ते तापमान के कारण गेहूं की खड़ी फसल समय से पहले सूखने लगी है, जिससे किसानों के चेहरों पर मायूसी छा गई है। क्षेत्र के किसान इंद्रजीत पांडेय ने बताया कि गेहूं की फसल को पकने के लिए लंबे समय तक हल्की ठंड और नमी की आवश्यकता होती है। अनुकूल मौसम में गेहूं के दाने मोटे और वजनदार होते हैं, जिससे पैदावार अच्छी मिलती है। लेकिन इस बार ठंड का मौसम एकाएक विदा हो गया और तेज धूप ने फसलों को झुलसाना शुरू कर दिया है।