रामनगर थाना क्षेत्र के टेंट सिटी (रेत) इलाके में प्रतिबंधित चीनी मांझे से पतंगबाजी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रविवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अभियान चलाकर कई युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में पतंगबाज मौके से भाग निकले। स्थानीय लोगों का कहना है कि टेंट सिटी क्षेत्र की रेत पर प्रतिदिन 100 से अधिक युवक और किशोर चीनी मांझे से पतंग उड़ाते हैं। यह सिलसिला कई दिनों से लगातार जारी था। तेज धार वाले प्रतिबंधित मांझे के कारण आसपास के लोगों के साथ-साथ राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों में भी हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती थी। कई बार लोगों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।