चहनियां बाजार में पिस्तौल के बल पर राहगीर से मोबाइल और नकदी लूटने वाले गिरोह का थाना बलुआ पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक उपनिरीक्षक घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे दबोच लिया गया। जानकारी के अनुसार 6 जून 2026 को गोविन्द मिश्रा निवासी मिश्रपुरा थाना बलुआ ने थाने में तहरीर देकर बताया कि 3 जून को दोपहर लगभग 12 बजे वह निजी कार्य से चहनियां बाजार गए थे। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उनका वीवो मोबाइल फोन तथा जेब में रखे 3200 रुपये लूट लिए। मामले में थाना बलुआ पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।