बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में सोमवार को चंदौली में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जीटी रोड स्थित काली मंदिर के पास बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख का पुतला फूंका गया और कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शन की शुरुआत नगर के कैलाशपुरी शिव मंदिर परिसर से हुई, जो रैली के रूप में जीटी रोड काली मंदिर तक पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने सनातन धर्म की रक्षा, हिंदू एकता और बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर नारेबाजी की। इस मौके पर मुगलसराय भाजपा विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रहे अत्याचार चिंताजनक हैं और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गंभीरता से उठाया जाना चाहिए। उन्होंने भारत सरकार से अपेक्षा जताई कि वह कूटनीतिक स्तर पर हस्तक्षेप कर वहां रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराए।