चंदौली जिले के नियामाबाद विकासखंड के दुलहीपुर बाजार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुले में रखे ट्रांसफॉर्मर कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकते हैं। भीषण गर्मी के बीच ट्रांसफॉर्मरों से निकलने वाली चिंगारी और ओवरहीटिंग की समस्या ने खतरे को और बढ़ा दिया है। क्षेत्र में कुल 22 स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर स्थापित हैं, लेकिन इनमें से करीब 10 जगहों पर सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। कई ट्रांसफॉर्मर बिना जाली के खुले पड़े हैं, जबकि जहां पहले जाली लगाई गई थी, वह भी अब क्षतिग्रस्त हो चुकी है। स्थिति यह है कि कुछ ट्रांसफॉर्मर सड़क से सटाकर लगाए गए हैं तो कुछ विद्यालय परिसरों के बेहद करीब हैं, जिससे बच्चों और राहगीरों के लिए खतरा हर समय बना हुआ है।