चंदौली के चहनिया विकास खंड के सरौली ग्राम सभा में बना हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर विभागीय उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। पिछले लगभग दो वर्षों से इस केंद्र पर ताला लटका है, जिससे ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र की हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि यहाँ महीनों से सफाई तक नहीं हुई है। परिसर में लगा हैंडपंप भी लंबे समय से खराब पड़ा है, जिससे पानी की व्यवस्था भी ठप है। सिर्फ महीने में एक या दो बार पोलियो की दवा पिलाने के लिए स्वास्थ्य कर्मी यहाँ आते हैं, जिसके बाद पुनः केंद्र में ताला जड़ दिया जाता है।