पीडीडीयू नगर में सिक्स लेन सड़क की मांग को लेकर आंदोलन में आज एक नया मोड़ आ गया । नगर के वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने मुख्यमंत्री को खून से पत्र लिखकर नगर में सिक्स लेन रोड बनाने की मांग की। कहा कि मैंने मुगलसराय में सिक्स लेन रोड बनवाने के लिए एक्सईएन पीडब्लूडी से कई दौर की वार्ता की, कई पत्र दिया, एसडीएम मुगलसराय को कई पत्र दिया, जिलाधिकारी चंदौली को सिक्स लेन बनवाने के लिए कई पत्र दिए, वार्ता की मुख्यमंत्री को संबोधित कई पत्र भी जिलाधिकारी चंदौली को दिया लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला । उन्होंने कहा कि पत्र लिखते-लिखते स्याही सूख गई, इसलिए मैंने मुख्यमंत्री को खून से पत्र लिखा है। पाठक ने यह भी बताया कि मुगलसराय में आए दिन भारी जाम लगता है, जिससे एंबुलेंस और स्कूल बसें फंस जाती हैं। इस कारण लोगों की जान को खतरा होता है और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही, जाम की वजह से न्यायालय में भी विलंब हो रहा है, जिससे न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि मुगलसराय में सिक्स लेन सड़क बनाई जाए, क्योंकि जीटी रोड के दोनों किनारे पहले से पीडब्ल्यूडी की जमीन उपलब्ध है, जहां आसानी से सिक्स लेन सड़क बनाई जा सकती है। इस दौरान संतोष कुमार पाठक के साथ हिमांशु तिवारी, अजय यादव, चंद्रभूषण मिश्रा, सतनाम सिंह समेत कई लोग उपस्थित रहे।