पड़ाव से गोधना चौराहे तक बन रहे सिक्स लेन के तहत नगर में फोरलेन का निर्माण किया जा रहा है। इससे नगर के कुछ लोगों में नाराजगी है। फोरलेन बनने से नाराज कुछ लोगों का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन से मिला। इस दौरान उन्होंने पत्रक सौंपकर नगर में भी सिक्स लेन बनवाने की मांग की। इसके पूर्व वे सुभाष पार्क पर एकत्र हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंचे। नगरवासियों का कहना था कि नगर में जाम की समस्या बहुत जटिल है। यहां या तो सड़क को चौड़ी कर या फ्लाई ओवर बनाकर जाम से निजात दिलाई जा सकती है। बावजूद इसके सिक्स लेन को नगर में फोर लेन में तब्दील कर दिया गया है। वहीं फ्लाई ओवर की योजना खटाई में डाल दी गई है। यह नगरवासियों के साथ अन्याय है। नगर की जनसंख्या दिन प्रतिदिन बढती जा रही है। बावजूद इसके सड़क को कम चौड़ी बनाना समझ के परे हैं। कहा कि विभाग के पास जमीन की कमी नहीं है। जीटी रोड के डिवाइडर के दाहिने तरफ 110 फीट व बाएं तरफ 110 फीट पीडब्ल्यूडी विभाग की जमीन है जिस पर निर्माण कराया जा सकता है। शासन से अनुरोध है कि इस विभागीय जमीन पर भी निर्माण की अनुमति दी जाए या कम से कम सर्विस लेन बनाने की अनुमति तो अवश्य दी जाए। सिक्स लेन के निर्माण से जो भी विस्थापित होने वाले व्यापारियों को अलग से दुकानें बनाकर दी जाएं। नगरवासियों से पत्रक लेने के बाद पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि तय नक्शे के अनुसार लेन का निर्माण कराया जा रहा है। वर्तमान में विभागीय स्तर पर इसमें फेरबदल नहीं किया जा सकता है। प्रतिनिधिमंडल में एड. संतोष पाठक, योगेश अब्भी, सोनू सिंह, पवन सिंह, आशीष मिश्रा, अंशू चतुर्वेदी, चंद्रभूषण मिश्रा, नितेश, अजीत पटेल, विप्लव यादव, आसिफ आलम, सरफराज, संजय सिंह, अभय कुमार सिंह आदि रहे।