सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा किसानों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में विकास खंड के महमदपुर (जमालपुर) गांव में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम प्रधान ज्ञानी जैल सिंह यादव के आवास पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पहुंचे कृषि विभाग के एटीएम (असिस्टेंट टेक्नोलॉजी मैनेजर) रमिंद्र सिंह ने उपस्थित किसानों को ढैंचा बीज का वितरण किया। विभाग द्वारा एक एकड़ से लेकर उससे अधिक जोत वाले किसानों को पात्रता के अनुसार बीज मुहैया कराया गया। कृषि अधिकारी रमिंद्र सिंह ने बताया कि धान की रोपाई से पहले खेतों में ढैंचा बोना बेहद फायदेमंद होता है। यह एक बेहतरीन हरी खाद का काम करता है, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति (उपजाऊ क्षमता) बढ़ती है और रासायनिक खादों पर निर्भरता कम होती है। गौरतलब है कि बीते कुछ समय से आर्थिक तंगी और बजट की मार के कारण क्षेत्र के कई छोटे व सीमांत किसान बाजार से महंगा ढैंचा बीज खरीदने में असमर्थ थे। इस वजह से वे अपने खेतों में हरी खाद नहीं डाल पा रहे थे। सरकार की ओर से मुफ्त में और बिल्कुल सही समय पर बीज उपलब्ध हो जाने से किसानों में भारी खुशी की लहर है। अब पैसे की कमी से जूझ रहे गरीब किसान भी अपने खेतों में ढैंचा की बुवाई कर सकेंगे, जिससे आगामी धान की फसल की पैदावार बेहतर होगी। इस अवसर पर ग्राम प्रधान ज्ञानी जैल सिंह यादव व प्रेम नारायण राम लखन हरि सिंह वीरेंद्र जितेंद्र सहित क्षेत्र के दर्जनों प्रगतिशील किसान और ग्रामीण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।