चंदौली के सकलडीहा कस्बे में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक किसान पर भारी पड़ गई। साईं बाबा मंदिर के पास नीचे लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आने से 36 वर्षीय किसान गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। सकलडीहा ग्राम पंचायत के कोट स्थित साईं बाबा मंदिर के पास शनिवार को किसान विश्वनाथ पाण्डेय (36) सिर पर पशुओं का चारा लेकर जा रहे थे। इसी दौरान उनका संपर्क नीचे लटक रहे विद्युत तार से हो गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।