पीडीडीयू नगर तहसील क्षेत्र के महेवा गौरी माइनर पर बिना अनुमति किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सिंचाई विभाग ने रविवार को सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को हटवा दिया। इससे नहर का बाधित जल प्रवाह फिर से सुचारु हो गया और किसानों को राहत मिली। जानकारी के अनुसार माइनर पर करीब चार स्थानों पर बड़े हजारे डालकर पानी का प्रवाह रोका जा रहा था, जिससे टेल क्षेत्र के किसानों को सिंचाई में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। एसडीओ तृप्ति सोनी के निर्देश पर अवर अभियंता मनोज कुमार पांडेय ने जेसीबी मशीन के जरिए मौके पर पहुंचकर सभी अवैध निर्माणों को हटवाया। विभाग के मुताबिक कुछ लोगों ने बिना अनुमति पुलनुमा संरचनाएं बना ली थीं, जिससे पानी का प्राकृतिक बहाव प्रभावित हो रहा था। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि माइनर से हर प्रकार का अतिक्रमण हटाया जाए। कार्रवाई के दौरान चार स्थानों से अवैध कब्जे हटाए गए, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। अवर अभियंता मनोज कुमार पांडेय ने चेतावनी दी कि नहर किसानों की सिंचाई के लिए है और इसके साथ छेड़छाड़ किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।