मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चकिया तिराहा से लेकर अलीनगर थाना क्षेत्र के मानसनगर गेट तक शाम ढलते ही शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। आलम यह है कि राहगीरों के साथ महिलाओं और छात्राओं का गुजरना मुश्किल हो गया है। आरोप है कि नशे में धुत युवक छात्राओं व महिलाओं पर छींटाकशी करने से भी बाज नहीं आते। मंगलवार की देर रात भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। जीटी रोड पर इंडियन ऑयल पाइपलाइन के समीप रात के आठ से 11 बजे तक शराबियों का जमघट लगा रहा। इस दौरान गाली-गलौज, आपस में मारपीट के साथ राहगीरों से भी अभद्रता भी की गई। विरोध करने पर शराबी झगड़ा करने पर उतारू हो जा रहे थे। शराबियों के उत्पात से आसपास के दुकानदार भी परेशान रहे। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बावजूद पुलिस को भनक तक नहीं लगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और चिह्नित स्थानों पर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में शराबियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उत्पात मचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।