मढिया गांव में जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। गांव में नाबदान का पानी सड़क पर जमा होने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। स्थिति यह है कि ग्रामीणों को रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर विभागीय अधिकारियों, ग्राम सचिव, ग्राम प्रधान और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बुधवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रदर्शन में शोभनाथ सिंह, करण यादव, मुन्ना पटेल, ललता देवी, भगवंती देवी, गुलाबी देवी, उर्मिला देवी, भागीरथी देवी, प्यारी देवी, सुनीता देवी, महेंद्र यादव, छोटेलाल पटेल, नारायण यादव, मनोज पटेल, सुनील पटेल, भीम पटेल, शिवम पटेल, अजीत पटेल, श्रेयांश, अनिल पटेल, विनोद पटेल, आशुतोष, अभिषेक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।