मंडलायुक्त वाराणसी एवं रोल प्रेक्षक एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में चंदौली जिले की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि जनपद में निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ जारी है और छोटी-मोटी समस्याओं का तुरंत निराकरण किया जा रहा है। मंडलायुक्त ने राजनीतिक दलों को पुनरीक्षण कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक जनसामान्य से दावे/आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी और 18 जनवरी 2026 को बूथों पर अभियान चलाया जाएगा। सभी दलों से अपील की गई कि वे निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं त्रुटिहीन बनाने में सहयोग दें और जनता को जागरूक करें कि वे अपने नाम का निरीक्षण अवश्य करें।