सैयदराजा थाना पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण और नकदी बरामद की है, जिनकी कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान ढेढ़वां गांव में एक मकान से चोरी करने की बात स्वीकार की है। सैयदराजा पुलिस टीम बुधवार देर शाम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नरहन कला बाजार के पास पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की। संदेह होने पर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से चोरी किए गए आभूषण और नकदी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के पास से तीन जोड़ी चांदी की बिछिया, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, एक सोने की नथुनी, दो जोड़ी पायल तथा नकदी बरामद की। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।