गंगा के जलस्तर में लगभग तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे से बढ़ोतरी जारी है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार पिछले 24 घंटे में जलस्तर 68.56 मीटर पर पहुंच गया। सोमवार यह 67.86 मीटर पर था, जबकि रविवार को जलस्तर 67.38 मीटर पर रहा। मंगलवार की शाम गंगा चेतावनी बिंदु 70.26 से मात्र 1.5 मीटर नीचे बह रही थीं। इसी गति से जलस्तर में वृद्वि होती रही, तो जलस्तर तीन-चार दिनों में चेतावनी बिंदु पार कर जाएगा। आयाेग ने खतरे का बिंदु 71.22 मीटर व बाढ़ का बिंदु 73.90 मीटर माना है। शवदाह स्थल में पानी भर जाने से लोगों को शवों का दाह संस्कार करने में परेशानी हो रही है। लगातार पानी बढ़ने से जहां ग्रामीणों के समक्ष विकट समस्या उत्पन्न होती जा रही है। वहीं बलुआ घाट पर प्रतिदिन दूरदराज क्षेत्रों से दर्जनाें गांव के शवों का दाह संस्कार किया जाता है, लेकिन श्मशान घाट पानी में डूब जाने से अब लोगों को बाबा फलहरी घाट, गाय घाट तथा रामघाट पर शव लेकर जाना पड़ रहा है। जहां चिता सजाकर शवदाह किया जा रहा है। रास्ता सही न होने के कारण लोगों को पैदल ही घाट तक जाना पड़ रहा है। वहीं लकड़ी के लिए काफी दूर से घूमकर आना जाना पड़ रहा है।