गंगा गोमती के संगम के पूर्वी छोर टांडा खुर्द गांव में नव निर्मित संगमेश्वर महादेव मंदिर पर पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद रविवार को मंदिर के कपाट आम भक्तों के दर्शन पूजन के लिए खोल दिए गए। इस मौके पर आचार्य धनंजय मिश्र के नेतृत्व में वेद पाठी ब्राह्मणों ने रुद्राभिषेक किया। गांव में पिछले पांच दिनों से संगमेश्वर महादेव के प्राण प्रतिष्ठा की शुरूआत पांच दिन पहले हुई थी। पांच दिवसीय पूजा अर्चना के बाद रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक किया गया। विधि-विधान से पूजा के बाद दर्शन पूजन के लिए मंदिर के गर्भगृह के कपाट खोल दिए गए। इसके बाद दर्शन पूजन के लिए भक्तों की कतार लगी। शाम के वक्त साधु पंगत के साथ क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को बाहर से आए बटुकों ने गंगा आरती की। इस मौके पर राहुल पांडेय, प्रकाशवीर पांडेय, अमित पांडेय, मनीष पांडेय, संजय पाण्डेय, अमरेंद्र पांडेय, राजेंद्र पांडेय, अनिल प्रधान, महेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।