स्याना। कोतवाली क्षेत्र के गांव धनियावली से लापता 34 वर्षीय आनंद का शव सोमवार सुबह बरामद हुआ था। मामले में देर रात मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद व एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि, अभी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव धनियावली निवासी नरेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 18 दिसंबर को पीड़ित के भतीजे आनंद को गांव हाजीपुर निवासी नीरज व सुल्तान घर से बुलाकर ले गए थे। तब से वह लापता था। सोमवार को आनंद का शव गांव हाजीपुर के जंगल में गजराज के गन्ने के खेत में लहूलुहान अवस्था में मिला था। देर रात पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर गांव हाजीपुर निवासी नीरज, सुल्तान व हिमांशु चौहान व मंटू चौहान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस ने अब तक मामले में करीब 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले हैं। जिससे मृतक को साथ ले जाने वाले कौन-कौन थे, इसकी पहचान हो सके। साथ ही घटनास्थल से बीटीएस भी उठाया गया है। सीओ दिलीप सिंह ने बताया कि कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। सीसीटीवी व बीटीएस की मदद ली गई है। जल्द ही राजफाश कर दिया जाएगा।