बुलंदशहर। जिला पंचायत की दुकानों को आवंटियों की ओर से अन्य लोगों को किराए पर दिए जाने का सर्वे कराया जाएगा। सर्वे में यदि आवंटियों के बजाए अन्य लोग दुकानों पर काबिज मिले तो उनका आवंटन निरस्त किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों ने सर्वे कराने की तैयारी शुरू की है।
शहर में जिला पंचायत की 100 से अधिक दुकानें बनी हुई हैं। इन दुकानों को जिला पंचायत की ओर से किराए पर आवंटित किया गया था। दुकानों के आवंटन के साथ शर्त लगाई गई थी कि आवंटी स्वयं ही इन दुकानों में व्यापार संचालित करेंगे। इसके विपरीत आवंटियों ने अपनी दुकानों पर व्यापार करने के बजाए अन्य लोगों को किराए पर दे दिया।
इन किराएदारों से आवंटी प्रतिमाह मोटा किराया वसूल कर रहे हैं। जबकि जिला पंचायत के खाते में न्यूनतम किराया ही जमा कराया जा रहा है। ऐसे में अब अन्य लोगों को दुकान किराए पर आवंटित करने के मामले में जिला पंचायत अधिकारी सर्वे कराने की तैयारी में है।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी ने बताया कि दुकानों को किराए पर देने के लिए मूल आवंटी को अधिकार नहीं है। सर्वे कराने के लिए तैयारी की जा रही है। यदि सर्वे में अन्य लोगों का दुकानों पर कब्जा मिला तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।