बदायूं के दातागंज तहसील क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के आसपास औद्योगिक गलियारा विकसित करने की योजना है। इसके लिए तहसील क्षेत्र के बिहारीपुर, ढहरपुर, कैल्हाई, ढोलापुर, छछऊ गांव के हजारों किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। किसान भूमि अधिग्रहण के विरोध में हैं। शनिवार सुबह भाकियू नेता नईम चौधरी के नेतृत्व में पांचों गांवों के किसान गंगा एक्सप्रेसवे के पुल के नीचे धरने पर बैठ गए। किसानों का कहना है कि किसी कीमत पर जमीन नहीं देंगे। सरकार कम दामों में जमीन खरीदना चाहती है जबकि इस क्षेत्र की जमीनें बहुत महंगी हैं। जमीन औद्योगिक क्षेत्र में चली गई तो परिवार पालना मुश्किल हो जाएगा। औद्योगिक गलियारा के लिए पांच गांवों की करीब 3600 बीघा जमीन का अधिग्रहण किया जाना है।