बदायूं में सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को शहर के एक लॉन में विशेष दीवान सजाया गया। इससे पूर्व शनिवार रात को गुरुद्वारा पंजाबी मोहल्ला में विशेष दीवान का आयोजन हुआ, जिसमें हरप्रीत सिंह निमाना ने कथा विचार प्रस्तुत की। अमृतसर से आए तेजपाल सिंह के रागी जत्थे ने मधुर कीर्तन गायन कर संगत को निहाल किया। रविवार को सुबह श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज का विधिवत प्रकाश किया गया। इसके बाद हजूरी रागी द्वारा कीर्तन गायन हुआ। हरप्रीत सिंह निमाना ने श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज के जीवन, त्याग और बलिदान पर प्रकाश डाला। कहा कि गुरु महाराज का जीवन मानवता, न्याय और धर्म की रक्षा के लिए समर्पित रहा है। इसके बाद अमृतसर से आए तेजपाल सिंह ने 'तुम हो सब राजन के राजा, आपे आप गरीबी निवाजा…' शबद का कीर्तन किया। जिसे सुनकर संगत भावविभोर हो गई। उन्होंने गुरु महाराज से जुड़ी अनेक प्रेरणादायी साखियां भी सुनाईं। नगर कीर्तन शोभायात्रा में प्रसाद वितरण एवं अन्य सहयोग करने वाली संस्थाओं को गुरुद्वारा साहब की प्रधान रजनी अनेजा और मीत प्रधान सरदार मंजीत सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। मंच संचालन महासचिव सरदार गुरदीप सिंह ने किया। समागम के दौरान गुरु का अटूट लंगर चला, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर संजय कोचर, सुभाष कोचर, सोनू जुनेजा, हरभजन सिंह, गुरचरण सिंह, साहिल खुराना, अमनप्रीत सिंह ढींगरा, गुरप्रीत सिंह ढींगरा आदि मौजूद रहे।