बदायूं के बिल्सी कस्बा के मोहल्ला नंबर आठ में शनिवार की रात बिजली सप्लाई ठप हो जाने से नाराज लोगों ने आधी रात को उपकेंद्र पहुंचकर जमकर हंगामा किया। जिम्मेदारों के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने आरोप लगाया कि रात में बार-बार बिजली बाधित हो जाने से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। ढंग से सो तक नहीं पा रहे हैं। मोहल्लेवासियों ने बताया कि गल्ला गोदाम के पास लगे दो ट्रांसफार्मरों में से एक में खराबी आने पर लाइनमैन ने पूरा लोड दूसरे ट्रांसफार्मर पर डाल दिया। अधिक लोड पड़ने से वह भी खराब हो गया, जिसके कारण सप्लाई बाधित हो गई। लोगों ने रात्रि के समय ही अधिकारियों को फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। आक्रोशित मोहल्लेवासियों ने कहा कि आए दिन रात में बिजली कटौती की समस्या से मोहल्ले के लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। सभासद पति बनवारी लाल ने कहा कि बार-बार बिजली बंद होने से मोहल्ले में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मोहल्ले के अफसर अली ने बताया कि लाइनमैन की लापरवाही से एक ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड डाल दिया गया, जिसके चलते दूसरा ट्रांसफार्मर भी खराब हो गया। मोहल्लेवासियों ने जल्द से जल्द ट्रांसफार्मरों की दिक्कत दूर करने और नियमित बिजली सप्लाई बहाल करने की मांग की है।