बदायूं के सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह बड़ी घटना हो गई। गांधी मैदान में लगे नुमाइश मेले में भीषण आग लग गई। आग ने कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में रखे सिलिंडर धमाकों के साथ फटे, जिससे दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल यूनिट ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।