बिजनौर जनपद के धामपुर स्थित बीआरसी केंद्र पर शनिवार से तीन दिवसीय शिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ है। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देश पर पहली बार प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे शिक्षकों के लिए भोजन तैयार कराया जा रहा है। गैस सिलिंडरों की कमी के कारण बीआरसी केंद्र पर कारीगरों को गैस के बजाय लकड़ी के चूल्हे बनाकर भोजन पकाने की व्यवस्था करनी पड़ी। कारीगर मनोज कुमार, वीर बहादुर सिंह और बासु राम ने बताया कि गैस सिलिंडरों का टोटा होने के कारण मजबूरी में लकड़ी के चूल्हों पर खाना पकाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि लकड़ी के चूल्हे पर भोजन पकाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लकड़ी भी लगभग एक हजार रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से मिल रही है। गैस सिलिंडर पर भोजन पकाने में कम समय लगता है और परेशानी भी नहीं होती। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भोजन की व्यवस्था बनाए रखने के लिए कचौड़ी के स्थान पर तंदूर लगाया गया है, जिससे लकड़ी के जरिए तंदूरी रोटी बनाकर शिक्षकों को उपलब्ध कराई जा सके।