औराई क्षेत्र के अमीरपट्टी के मारुति धाम में शनिवार को अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल का आयोजन हुआ। औराई विधानसभा की पूर्व विधायक मधुबाला पासी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। प्रतियोगिता में पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दांव दिखाए। दंगल मे पांच हजार से लेकर 51 हजार तक की कुश्ती हुई। मिर्जापुर केसरी अनिल पहलवान और बनारस के लक्कड़ पहलवान के बीच 20 मिनट तक चला मुकाबला बराबरी पर छूटा। अयोध्या के पहलवान सुदामा दास ने राजस्थान के जालिम पहलवान को 5 मिनट के अंदर ही चारों खाने चित कर दिया। इसी तरह भदोही के टमाटर पहलवान ने बिहार के काला चीता को घोड़ा पछार दांव मारकर चारों खाने चित किया। बनारस के गोपी पहलवान ने आजमगढ़ के अनिल को भी चारों खाने चित किया। महिला पहलवानों में कानपुर की संतोषी यादव पहलवान ने राजस्थान की भानु पहलवान को चित किया। गोरखपुर की आकांक्षा ने हिमाचल की बंटी पहलवान को हराया। मौके पर आकाश गुप्ता, श्याम मुरारी दुबे, अंबुज मिश्रा, नंदलाल शुक्ला, प्रवीण दुबे, घनश्याम शुक्ला, रघुवंश नारायण मिश्रा, राजेश कुमार शुक्ला, चंद्रेश तिवारी आदि रहे। आयोजक चंद्रकांत शुक्ला उर्फ पट्टर ने सभी का स्वागत किया।