गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के आनापुर गांव में मारपीट में घायल अधेड़ की सोमवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। बीते बृहस्पतिवार को घर से खेत भरने के लिए निकले थे। रास्ते में एक पान की दुकान पर उनका विवाद हो गया था। गांव निवासी धर्मराज (55) बृहस्पतिवार दोपहर खेत भरने के लिए घर से निकले थे। रास्ते में वह एक पान-गुटखा की दुकान पर पान खाने के लिए रुक गए। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद थानीपुर निवासी एक व्यक्ति से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और आरोपी ने धर्मराज की पिटाई कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। उनकी पत्नी निर्मला देवी ने उन्हें अस्पताल भेजवाया। वहीं कोतवाली में शिकायत भी दर्ज कराई। सीएचसी से उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया था। जहां उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।