भदोही जिले के ऊंज थाना क्षेत्र के नवधन गांव में पुलिया से नहर में गिरे गांव निवासी राकेश उपाध्याय (45) की डूबने से मौत हो गई। वह पुलिया पर बैठकर आराम कर रहे थे। इस बीच अचानक गिर गए और सर में चोट लगने से पानी से बाहर नहीं आ सके। पास में उनका चप्पल देखने पर शक के आधार पर खोजबीन शुरू हुई। नहर से उनका शव बरामद हुआ। नवधन निवासी राकेश उपाध्याय बुधवार की शाम किसी काम से घर से निकले थे। वे ऊंज से होते हुए रामकिशनपुर बसही की तरफ जा रहे थे। इस बीच नहर पुलिया पर बैठकर कुछ देर के लिए आराम करने लगे। बताया जा रहा है कि इस बीच अचानक उन्हें चक्कर आ गया। जिससे वे पुलिया से नीचे नहर के पानी में गिर गए। शाम का समय होने के कारण उन्हें कोई देख नहीं पाया। इस बीच थोड़ी देर बाद उधर से कुछ लोग गुजर रहे थे। पुलिया के पास साइकिल और एक जोड़ी चप्पल देखी गई, लेकिन मौके पर किसी को न देखकर शक पैदा हुआ। लोगोंने इसकी सूचना पुलिस को दी। काफी प्रयास के बाद जब कुछ पता नहीं चला तो पुलिस ने गोताखोर की मदद ली और तलाश शुरू कराई। गोताखोरों ने घमहापुर के नहर पुलिया के पास उनका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक राकेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर का है। इसको एक लड़कीव एक लड़का है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।