कजाकिस्तान के अल्माटी में आयोजित वर्ल्ड स्कूल टीम चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर लौटी जिले के परिषदीय विद्यालयों की चार बेटियों का जिले में भव्य स्वागत किया गया। प्रतियोगिता में बेटियों ने अपने जोश और जज्बे से सभी का ध्यान आकर्षित किया। धनापुर उत्तरी गांव में बेटियों की आने की सूचना के बाद सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। ढोल-नगाड़े और डीजे की धुन पर ग्रामीण झूमते नजर आए। गांव पहुंचने पर बेटियों को माला पहनाकर, आरती उतारकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। प्रतियोगिता में वंशिका ने 4 अंक हासिल किए। वहीं सुनैना, काजल शर्मा और अनुराधा ने 2-2 अंक अर्जित किए। टीम के साथ कप्तान अंकित यादव और मेंटर प्रेरणा यादव भी कजाकिस्तान गए थे। जिनका भी गांव पहुंचने पर सम्मान किया गया। धनापुर उत्तरी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में बेटियों के माता-पिता, शिक्षक और ग्रामीणों ने उनका अभिनंदन किया। बेटियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए पहली बार हवाई यात्रा और विदेश भ्रमण को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। कजाकिस्तान में आयोजित इस प्रतियोगिता में श्रीलंका, नेपाल, सिंगापुर, पाकिस्तान, उजबेकिस्तान, कजाकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान की टीमों ने भाग लिया। कोच अमन गुप्ता ने बताया कि तीसरे राउंड में टीम का मुकाबला मजबूत उजबेकिस्तान से हुआ, जो काफी रोमांचक रहा और अंततः 2-2 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ। चौथे राउंड में नेपाल के खिलाफ टीम को कड़े मुकाबले में 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। गांव पहुंचने पर अखिलेश पांडेय, सुनील मिश्रा, राकेश यादव, अंकित यादव, अमन गुप्ता, प्रभात यादव, अरविंद मौर्य, शिवलाल बिंद, बनारसी शर्मा, राजदेव साहू आदि ने बेटियों का स्वागत किया।