जिला कांग्रेस कमेटी भदोही का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को राष्ट्रपति को संबोधित पत्रक जिलाधिकारी शैलेष कुमार को सौंपा। जिसमें उन्होंने भारतीय सामानों पर लगाए गए 50 फीसदी अमेरिकी टैरिफ को लेकर चिंता जताई और केंद्र सरकार से तुरंत हस्तक्षेप कर कालीन उद्योग को राहत देने की मांग की। वहीं कालीन उद्योग को बचाने के लिए 30 प्रतिशत ‘बेलआउट पैकेज’ दिया देने और निर्यातकों को टैक्स व ब्याज में छूट देने की मांग की।जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि अमेरिकी टैरिफ से भदोही की कालीन उद्योग पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। इस निर्णय से कालीनों का निर्यात लगभग ठप हो गया है। वहीं हजारों बुनकर, मजदूर, ठेकेदार तथा कुटीर उद्योग से जुड़े परिवार बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। भदोही का कालीन उद्योग सिर्फ एक व्यापार नहीं, बल्कि यहां के लाखों मजदूरों की आजीविका का आधार है। कांग्रेस कोऑर्डिनेटर श्री दया शंकर पांडेय ने कहा कि अमेरिका द्वारा 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाना भारतीय कारीगरों पर सीधा प्रहार है। केंद्र सरकार को तुरंत कूटनीतिक स्तर पर हस्तक्षेप कर यह टैरिफ समाप्त कराने की दिशा में कदम उठाने चाहिए। कांग्रेस पार्टी मजदूरों और बुनकरों की हर आवाज बनेगी। मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र दुबे राजन, सुरेश चंद्र मिश्रा, दीनानाथ दूबे, राजेश्वर दूबे, दिलीप मिश्रा, मुशीर इकबाल, सुरेश गौतम, संतोष सिंह बघेल, सुबुकतगीन अंसारी, अवधेश पाठक, स्वालेह अंसारी, मनोज गौतम आदि रहे।