स्वतंत्रता दिवस पर अश्लील गाने पर नृत्य के मामले को लेकर गौर ब्लाॅक क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय जलालाबाद के प्रभारी प्रधानाध्यापक को बीएसए अनूप कुमार ने निलंबित कर कंपोजिट विद्यालय पूरे पैकोलिया से संबद्ध कर दिया है। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें विद्यालय परिसर में मंच पर कुछ युवतियां व लोग अश्लील गाने पर डांस करते दिखे। इस कृत्य पर कई तरह के सवाल खड़े हुए। बीएसए ने मामले को संज्ञान में लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी गौर प्रभात कुमार श्रीवास्तव को जांच के लिए निर्देशित किया। जांच रिपोर्ट में बताया गया कि ग्रामीणों से पूछताछ की गई, जिसमें यह बात सामने आई कि प्रभारी प्रधानाध्यापक पवन कुमार की ओर डांस का कार्यक्रम कराया गया है।