भगवान श्रीकृष्ण की दीवानी रामपुर निवासी मुस्कान खान ने हिंदू धर्म अपनाते हुए बरेली के अगस्त्य मुनि आश्रम में हिंदू रीति-रिवाज से अपने प्रेमी आकाश के संग सात फेरे लिए। वह अब मुस्कान यादव बन गई हैं। मुस्कान खान ने बताया कि हिंदू धर्म में सम्मान, स्वतंत्रता और संस्कार हैं। वह पांच साल की उम्र से भगवान श्री कृष्ण की भक्ति में लीन थीं। उन्होंने स्वेच्छा से सनातन धर्म को अपनाया है। बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र स्थित अगस्त्य मुनि आश्रम में पंडित केके शंखधार ने विधि-विधान से मुस्कान का शुद्धिकरण कराया। इस प्रक्रिया में उन्हें गंगाजल पिलाया गया। गायत्री मंत्र का जप कराकर विवाह संपन्न कराया गया। मुस्कान ने बताया कि उनका जन्म एक जनवरी 2006 को रामपुर जिले के गांव थनापुर (नरखेड़ा स्वार) में हुआ था। आकाश रामपुर जिले के गांव पसियापुरा जनूबी के निवासी हैं। दोनों ने अपने-अपने परिवारों के विरोध के बावजूद घर से निकलकर विवाह करने का निर्णय लिया। मुस्कान ने आकाश के समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा था। उनके परिवार के अस्वीकार करने पर दोनों बरेली आ गए और यहां शादी कर ली।