बरेली में लंबे समय से भंग चल रहे इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) संगठन को बहाल कर दिया गया। नए पदाधिकारियों की टीम भी घोषित कर दी गई। सिटी स्टेशन के सामने मदरसा प्रांगण में बृहस्पतिवार को आयोजित सभा में पार्टी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने रविवार को गिरफ्तारी देने का एलान भी किया है। मौलाना ने कहा कि अब खामोश बैठने का वक्त नहीं। हम आजाद है, पर नाइंसाफी सहन नहीं की जा सकती। हुकूमत क्या कर रही है, सवाल यह नहीं है। सवाल यह है कि जो बड़े ओहदों पर बैठे हैं, वह किसी धर्म के हों, उनका काम इन्साफ करना है। इधर देखा जा रहा है कई जगह मजहब की बुनियाद पर नाइन्साफी की जा रही है। यह तकलीफदेह है। इसी मुद्दे पर उन्होंने रविवार को पूरे प्रदेश में गिरफ्तारी देने का एलान किया है।