बरेली के आंवला में मांस लदी पिकअप को पकड़ने के बाद कार्रवाई को लेकर हिंदूवादी संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक हो गई। इंस्पेक्टर पर अभद्रता का आरोप लगाकर कार्यकर्ता थाने के सामने ही धरने पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ किया। विहिप के नगर अध्यक्ष दुर्गेश सक्सेना ने बताया कि सोमवार रात करीब आठ बजे चालक ने पुरैना तिराहे पर एक पिकअप गाड़ी को रोका। यहां खड़े कार्यकर्ताओं ने गाड़ी में रखे ड्रम में मांस देख जब चालक से पूछताछ की तो वह घबरा गया। मांस बरामद होने पर सूचना पुलिस को दी गई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी उनसे ही बहस करने लगी। नोकझोंक के बाद गाड़ी को थाने लाया गया। यहां पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर देने को कहा। इस पर हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोग भड़क गए। उन्होंने आरोप लगाया कि नवरात्र में प्रतिबंध के बावजूद पुलिस पशुओं के कटान पर पाबंदी नहीं लगा पा रही है। पुलिस शिकायतकर्ताओं को ही हतोत्साहित करने लगती है। उन्होंने धमकाने का भी आरोप लगाया। बहसबाजी के बीच इंस्पेक्टर पर अभद्रता करने का आरोप लगाकर कार्यकर्ता थाना गेट पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया।