बरेली के फरीदपुर में गिरफ्तार जितेंद्र सिंह खैरा की असलियत जानकर पुलिसवाले भी हैरान रह गए। आरोपी विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करता था। खुद को दरोगा बताकर लोगों को जेल भेजने की धमकी देता था। पुलिस के अनुसार आरोपी जितेंद्र सिंह खैरा करीब 24 लोगों को विदेश भेज चुका है। उसने करीब सात लोगों से विदेश भेजने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी की है। आरोपी यूरोप भेजने के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति से सात लाख व कनाडा भेजने पर आठ लाख रुपये लेता था। उसके पास से पुलिस की टोपी, नेम प्लेट, एक कार, पुलिस का फर्जी आई कार्ड समेत मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। बुधवार को उसे जेल भेज दिया गया।