बरेली में शरद पूर्णिमा पर भगवान वाल्मीकि जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। माधोवाड़ी में चल रहे तीन दिनी वाल्मीकि सद्भावना मेले में दूसरे दिन स्टार नाइट रही। रंगारंग कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। सुबह से ही लोग पंडाल में जुटना शुरु हो गए। शाम को मेले का शुभारंभ सांसद छत्रपाल गंगवार और वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार ने किया। सांसद ने कहा कि वह एक ऐसे ग्रामीण परिवेश से आते हैं जहां मेले मात्र एक मनोरंजन का साधन ही नहीं होते बल्कि सामाजिक मेलजोल के लिए आपसी सौहार्द बढ़ाने का साधन होते हैं। शहरी परिवेश में लगने वाला वाल्मीकि सद्भावना मेला आपसी भाईचारा और सद्भावना बढ़ाने के दायित्व को निभाता है। मेले के दूसरे दिन स्टार नाइट में मुंबई से आए हास्य कलाकार कॉमेडियन सुनील पाल अपनी कॉमेडी से लोगों को गुदगुदाते रहे हैं। उन्होंने मंच से कॉमेडी की ऐसी प्रस्तुति दी कि मेला प्रांगण में उपस्थित सभी लोग हंसने लगे। अपने प्रसिद्ध चरित्र रतन नूरा के लिए न केवल उन्होंने व्यंग्य किए बल्कि समाज को अपने व्यंगों से सीख देने का भी प्रयास किया। मुंबई से आए अभिनेता मुकेश भारती और अभिनेत्री मंजू भारती ने अपनी आगामी फिल्मों की जानकारी दी। बॉलीवुड की अपनी फिल्मों के गानों पर थिरककर दर्शकों का मन मोहा। अभिनेता मुकेश भारती ने बरेली शहर से जुड़ी अपनी यादों को साझा किया। समिति ने शहर में निकली शोभायात्राओं का स्वागत किया। दिल्ली से आए डांस ग्रुप ने अपनी प्रस्तुति से मेले में दर्शकों का मनोरंजन किया।