बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम चार बदमाशों ने ‘टेस्ट ड्राइव’ के बहाने कार बाजार से करीब 7.50 लाख रुपये कीमत की महिंद्रा एक्सयूवी लूट ली। आरोपी ग्राहक बनकर आए और ट्रायल के नाम पर गाड़ी हाईवे की ओर ले गए। कुछ दूरी पर उन्होंने साथ गए कर्मचारी से मारपीट कर उसे चलती कार से नीचे फेंक दिया और वाहन लेकर फरार हो गए। घायल कर्मचारी ने तत्काल मालिक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को तहरीर दी गई। पूरी वारदात कार बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।