लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर पल्हरी चौराहे के पास सोमवार रात पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव और सपा मुखिया अखिलेश यादव की विवादित होर्डिंग लगा दी गई। मंगलवार सुबह सपाइयों को पता चला तो उन्होंने होर्डिंग फाड़ दी। होर्डिंग पर दिल में बाबर, मुंह में राम सहित कई आपत्तिजनक बातें लिखी गई थीं। पिछले दो माह में ये तीसरी बार हुआ है जब सपा मुखिया को लेकर विवादित होर्डिंग लगाई गईं। यही नहीं, हाल ही में हैदरगढ़ में कांग्रेसी नेता ने मोदी-योगी की फोटो लगी होर्डिंग लखनऊ-सुल्तानपुर पर लगवा दी थी। कांग्रेस के पूर्व सांसद एपी गौतम के बेटे जयंत गौतम का नाम सामने आया था, जिनसे शहर कोतवाली पुलिस ने पूछताछ की थी। होर्डिंग लोनीकटरा क्षेत्र में लगवाई गई थी। सपा जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद ने कहा कि चंदा चोरी जैसे मुद्दों से भटकाने के लिए इस तरह की होर्डिंग लगाई जा रही हैं। पुलिस को चाहिए कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कार्रवाई करे।