जैदपुर (बाराबंकी)। नीट में 6832 वीं रैंक लाकर नाइला उबैद ने सरकारी मेडिकल कॉलेज में अपनी सीट पक्की कर ली है। छात्रा की इस सफलता से परिजनों के साथ विद्यालय परिवार व कस्बावासी काफी खुश हैं। दो वर्ष पूर्व छात्रा के बड़े भाई ने भी पहले ही प्रयास में नीट पास कर लिया था। वह डॉक्टरी की पढ़ाई कर रहे हैं। जैदपुर कस्बे के मोहल्ला बुनकर कॉलोनी निवासी मदरसा शिक्षक मौलाना अबू उबैदा की बेटी नाइला उबैद ने श्री साई इंटर कॉलेज जैदपुर में पढ़ाई की है। नाइला ने हाईस्कूल में प्रदेश में पांचवां स्थान व इसी साल 2026 में इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में जिले में सातवां स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा साबित की थी। पढ़ाई के साथ में नीट की तैयारी बग़ैर किसी कोचिंग के करने वाली नाइला ने पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त कर ली। शुक्रवार को श्री साईं इंटर कॉलेज के प्रबंधक डीके सिंह वर्मा ने नाइला का स्वागत किया। नाइला उबैद ने बताया कि वह 6 से 8 घंटे प्रतिदिन घर पर समय निकालकर पढ़ाई करती थी। मोबाइल को वह शिक्षक की तौर पर प्रयोग करती थी। छात्रा ने बताया कि हाईस्कूल की मेरिट सूची में आने पर अमर उजाला की टीम ने घर पर आकर सम्मानित किया था। आगे की पढ़ाई व तैयारी के लिए प्रतियोगी पत्रिका सफलता व अन्य बुकों के साथ 6 महीने तक मुफ्त में अखबार घर भेजा था। उन्होंने अमर उजाला परिवार का धन्यवाद किया। नाइला के पिता मौलाना अबू उबैदा कहते हैं कि दोनों बच्चों के इंटर की परीक्षा पास करते ही नीट जैसी परीक्षा में सफल हुए हैं। यह मेरे और परिवार के लिए अल्लाह की बड़ी नेमत है। बेटा पहले से सरकारी कॉलेज में एमबीबीएस कर रहा है। जबकि बेटी की रैंक के एतबार से उसको भी अच्छा सरकारी कॉलेज मिल जाएगा। बच्चों की सफलता पर उन्होंने कहा कि हर समस्या का हाल शिक्षा ही है। इसलिए बेटों के साथ बेटियों को भी बराबर की शिक्षा दी जाए। भेदभाव करना यह किसी भी धर्म में नही बताया गया है। इस अवसर पर मुबारकबाद बाद देने वालों में प्रधानचार्य रोहित भारती, मो असलम, मास्टर ज़फरुल हसन, मास्टर मो आसिफ़, मो. हमजा आदि शामिल हैं।