बाराबंकी में कस्बा स्थित निरीक्षण भवन में रविवार को हैदरगढ़ के पूर्व विधायक सुंदर लाल दीक्षित की पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मौजूद रहे। उन्होंने स्व. दीक्षित के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके संघर्षपूर्ण राजनीतिक जीवन को याद किया। सभा को संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सुंदर लाल दीक्षित फक्कड़ प्रवृत्ति के ऐसे नेता थे, जिनको प्रदेश का कोई भी नेता एक मिनट भी दरवाजे पर इंतजार नहीं करा सकता था। उन्होंने कहा कि दीक्षित जी का व्यक्तित्व बेबाक, निडर और जनसमस्याओं के प्रति पूरी तरह समर्पित था। गरीबों और जरूरतमंदों की समस्या के समाधान के लिए वे किसी से भी भिड़ जाने की क्षमता रखते थे और यही उनकी सबसे बड़ी पहचान थी।