जिला अस्पताल में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही ओपीडी काउंटर पर लंबी कतारें लग गईं, जिसके चलते मरीजों को पर्चा बनवाने में एक से डेढ़ घंटे तक का समय लग गया। भीड़ और धीमी प्रक्रिया के कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लछबर बरहा से आए शैलेंद्र कुमार ने बताया कि वह सुबह 8 बजे से लाइन में लगे हुए हैं। उन्हें हड्डी के डॉक्टर को दिखाना है, लेकिन पर्चा बनवाने में ही करीब 11 बज गए। उन्होंने कहा कि लंबे इंतजार के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को दिक्कत हो रही है।