सिरौलीगौसपुर क्षेत्र के अधिकांश गांवों में धान की फसल पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। लगातार हो रही बारिश और खेतों में जलभराव के कारण धान की फसल पानी में डूब गई है। कई स्थानों पर कटी पड़ी फसल भी सड़ने लगी है, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिरता दिखाई दे रहा है। किसानों का कहना है कि पिछले दो दिनों से बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है, जिसके चलते खेतों से पानी की निकासी संभव नहीं हो पा रही है। मरकामऊ, बदोसराय, टिकुरी, हजरतपुर सहित आसपास के कई गांवों में किसानों ने मेहनत और लागत लगाकर फसल तैयार की थी, लेकिन अब फसल के सड़ने का खतरा बढ़ गया है। किसान नौमीलाल, राजकुमार, जगदीश, पप्पू और दीपक ने बताया कि यदि जल्द ही खेतों से पानी नहीं निकाला गया तो फसल पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी। उन्होंने सरकार और प्रशासन से राहत की गुहार लगाई है। किसानों की मांग है कि नुकसान का सर्वे कराकर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए।