बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर मसौली थाना क्षेत्र में टीआर भट्ठा के निकट शनिवार सुबह चलती कार में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कार में सवार सभी पांच लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार बलरामपुर से लखनऊ जा रही कारशनिवार सुबह करीब 10 बजे टीआर भट्ठा के पास पहुंची थी। इसी दौरान कार के अंदर से जलने जैसी बदबू आने लगी। चालक ने सतर्कता दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और बोनट खोलकर जांच करने लगा। तभी अचानक इंजन में आग लग गई, जो देखते ही देखते पूरी कार में फैल गई। कार में प्रियंका सिंह, विराज सिंह, दीपक, राधिका समेत चालक सवार थे। आग लगते ही सभी लोग तुरंत वाहन से बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर टीम में चालक सितारे हिंद, एफएम विजय कुमार, एफएम नीरज कुमार तथा होमगार्ड देव भगत सिंह शामिल रहे। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मसौली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह इंजन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।